DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: 56 करोड़ में से ₹33.90 करोड़ मुआवजा भुगतान, डीएम अलंकृता पाण्डेय ने प्रगति कार्य की ली समीक्षा


मंडई वीयर परियोजना का निरीक्षण डीएम ने दिए कार्य में तेजी के निर्देश

जहानाबाद: जिले के बहुप्रतीक्षित मंडई वीयर परियोजना के प्रगति कार्य का जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि इस परियोजना के तहत कुल 56 करोड़ रुपये रैयतों/भू-स्वामियों को मुआवजा के रूप में भुगतान किया जाना है, जिसमें अब तक 33.90 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने बंधुगंज मौजा में नियमित रूप से कैम्प आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि शेष रैयतों को समय पर मुआवजा मिल सके। साथ ही मोदनगंज अंचल में लंबित करीब 140 एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र) को शीघ्र निर्गत करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मंडई वीयर तथा उससे निकलने वाली दाएं और बाएं मुख्य नहर प्रणाली एवं अन्य संरचनाओं के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई प्रमंडल, घोषी के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित संवेदक को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।
इसके अलावा भूमि सुधार उप समाहर्ता को बकास्त भूमि से संबंधित आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर रैयतीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, मोदनगंज अंचल अधिकारी को परियोजना से प्रभावित सरकारी भूमि के स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
कनीय अभियंता को भी निर्देश दिया गया कि परियोजना क्षेत्र के रैयतों के एलपीसी आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर अंचल कार्यालय में जमा कराएं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, भूमि सुधार उप समाहर्ता अमु अमला, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी चंद्र किशोर सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी निपुण कुमारी, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मोदनगंज धनंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता है, ताकि किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके और क्षेत्र में कृषि विकास को बढ़ावा मिले।

Jehanabad News: ₹33.90 crore compensation paid out of ₹56 crore, DM Alankrita Pandey reviewed the progress work

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News