मंगल, अप्रैल 14, 2026

Jehanabad News: घबराएं नहीं, जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं: डीएम अलंकृता पांडे


जहानाबाद: जिले में रसोई गैस की कमी और कालाबाजारी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने जिला वासियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि जहानाबाद जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।


जिलाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार पहले लोगों को आसानी से गैस सिलेंडर मिल रहा था, उसी तरह आगे भी सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।
इसी को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी गैस वितरण एजेंसियों के प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करना और कृत्रिम किल्लत से जुड़ी भ्रामक खबरों पर रोक लगाना था। बैठक के दौरान गैस एजेंसियों के प्रबंधकों ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कृत्रिम संकट की अफवाह फैलाकर लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। पेट्रोलियम कंपनियों और स्थानीय एजेंसियों ने भी पुष्टि की है कि जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त और अतिरिक्त स्टॉक मौजूद है। अब तक जमाखोरी या कालाबाजारी की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों के बाद ही नया सिलेंडर बुक कराएं और ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी कर लें। प्रशासन की ओर से बताया गया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार अब बिना ओटीपी के भी गैस बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि बुकिंग दर्ज होने के 2 से 3 कार्य दिवसों के भीतर उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इसके लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग से गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण व्यवस्था की नियमित जांच की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग न हो। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी निपुण कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी होमा इरफान, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी जहानाबाद सदर मुकेश कुमार, मोदनगंज के ओम प्रकाश, काको के पीयूष कुमार, मखदुमपुर के निशांत आनंद सहित सभी गैस वितरण एजेंसियों के प्रबंधक उपस्थित रहे।

Jehanabad News: Don’t panic, there is no shortage of LPG in the district: DM Alankrita Pandey

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News