जहानाबाद की बेटी गायत्री के साथ हुई अमानवीय और हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ पूरे बिहार, बल्कि देशभर के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर समाज में गहरा आक्रोश है और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इसी क्रम में जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी ने पीड़िता गायत्री के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने शोकसंतप्त परिवार के दुख में शामिल होते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और न्याय मिलने तक हर कदम पर उनका साथ देंगे।
गौरतलब है कि जहानाबाद की रहने वाली गायत्री पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिन पूर्व हॉस्टल में ही दरिंदों द्वारा उसके साथ घिनौना कुकृत्य किया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है।
परिजनों से बातचीत के दौरान पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि गायत्री को न्याय दिलाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार की बेटी का नहीं, बल्कि समाज की हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जा सकते।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस पूरे मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए है और जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी दोषी बचेगा नहीं, सभी अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
पूर्व सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक वे उनके साथ खड़े रहेंगे। चाहे कानूनी सहायता हो, प्रशासनिक सहयोग हो या सामाजिक समर्थन—हर मोर्चे पर परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि त्वरित न्याय न केवल पीड़ित परिवार के लिए आवश्यक है, बल्कि समाज में एक सशक्त संदेश देने के लिए भी बेहद जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बेटियों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान दें तथा समाज को भी अधिक संवेदनशील और जागरूक बनने की जरूरत है। अंत में चंदेश्वर चंद्रवंशी ने कहा कि गायत्री को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब उसे न्याय मिलेगा और दोषियों को उनके कृत्य की सजा दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सच की जीत होगी और कानून अपना काम जरूर करेगा। इस अवसर पर जदयू के राजनीतिक सलाहकार समिति सदस्य सुनील पाण्डेय भी मौजूद रहे और उन्होंने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।
Jehanabad News: Demand for death penalty for the culprits in the case of brutality against the student: Dr. Indu Kashyap
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












