सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: 10वीं सब जूनियर राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में खुशी एवं गौतम का चयन, बिहार टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व


जहानाबाद जिले के लिए गर्व का विषय बनते हुए शकुराबाद क्षेत्र के दो होनहार खिलाड़ियों गौतम कुमार एवं खुशी कुमारी का चयन 10वीं सब जूनियर राष्ट्रीय स्तर की रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ी बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 16 से 21 जनवरी तक उड़ीसा के भुवनेश्वर स्थित प्रतिष्ठित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे।
इन दोनों खिलाड़ियों के चयन से न सिर्फ उनके परिवार में, बल्कि पूरे जहानाबाद जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद गौतम और खुशी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने जिला, राज्य और अन्य प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है।
इस उपलब्धि पर बिहार रग्बी एसोसिएशन के सचिव डॉ. पंकज कुमार ज्योति, जहानाबाद रग्बी एसोसिएशन के सचिव गौतम कुमार, अध्यक्ष सचिन कुमार, सह सचिव प्रदीप प्रकाश, कोच विकास कुमार, प्रकाश कुमार, विक्रम कुमार सहित कई खेल पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदाधिकारियों ने कहा कि यह चयन जहानाबाद में रग्बी खेल के बढ़ते स्तर और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी खुशी कुमारी और गौतम कुमार कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उनकी फुर्ती, तकनीक और टीम भावना की सराहना लगातार होती रही है। इस बार भी उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि बिहार टीम एकजुट होकर बेहतर खेल दिखाए और अपने खिताब की रक्षा करने में सफल हो सके।
स्थानीय युवाओं के लिए यह चयन प्रेरणास्रोत बन गया है और उम्मीद की जा रही है कि इससे जिले में खेल के प्रति रुचि और बढ़ेगी तथा आने वाले समय में जहानाबाद के और खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।

Jehanabad News: Khushi and Gautam selected for the 10th Sub Junior National Rugby Championship, will represent the Bihar team

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News