जहानाबाद जिला प्रशासन द्वारा फुटपाथ दुकानदारों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से की गई पहल फिलहाल उलझन में पड़ती नजर आ रही है। सनी भगवान मंदिर के पीछे, काको मोड़ से लेकर ऊंटा सब्जी मंडी के आसपास तक सड़क किनारे ठेला-गुमटी लगाकर जीविका चलाने वाले फुटपाथ दुकानदारों को अस्थायी रूप से वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी।
लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था लागू होने से पहले ही कथित भू-माफियाओं एवं आसपास के कुछ लोगों द्वारा वेंडिंग जोन की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया, जिससे वास्तविक फुटपाथ दुकानदारों के लिए वहां दुकान लगाने की कोई जगह नहीं बची है।
फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिला अधिकारी द्वारा गरीब फुटपाथ दुकानदारों के हित में की गई सोच सराहनीय है। उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रशासन यह नहीं चाहता कि फुटपाथ दुकानदार अपने रोज़गार और परिवार के भरण-पोषण से वंचित हों।
उन्होंने कहा कि यदि यह व्यवस्था जिला प्रशासन की देखरेख में क्रमबद्ध तरीके से लागू की जाती, तो आज यह समस्या उत्पन्न नहीं होती। वर्तमान स्थिति में जिन लोगों के पास ताकत और प्रभाव है, उन्होंने अधिक स्थान पर कब्जा कर लिया है, जबकि वास्तविक जरूरतमंद दुकानदार हाशिये पर चले गए हैं।
इस संबंध में फुटपाथ दुकानदार संघ द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है, जिसमें रंजन राम, विनोद चौधरी, विक्की राम, सुदर्शन चौधरी एवं संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से जिला प्रशासन से मांग की है कि हटाए गए सभी फुटपाथ दुकानदारों को नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किया जाए।
संघ ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर भू-माफियाओं के कब्जे को हटाएगा और वास्तविक फुटपाथ दुकानदारों को उनका हक दिलाएगा।
Jehanabad News: Land mafias occupy the vending zone behind the Sunny Bhagwan Temple, increasing the problems of footpath vendors.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












