सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: पशु बांझपन माह शिविर की शुरुआत, पशुपालकों को मिला निःशुल्क उपचार व दवाओं का लाभ

जहानाबाद डेयरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार सरकार, पटना की ओर से आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय पार्ट-2 कार्यक्रम के तहत जहानाबाद प्रखंड में 17 दिसंबर से पशु बांझपन माह शिविर की विधिवत शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन राजकीय पशु चिकित्सालय, जहानाबाद परिसर में किया गया, जिसका नेतृत्व जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार ने किया।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय पशुपालकों ने भाग लिया। इस दौरान विभाग के अनुभवी पशु चिकित्सकों एवं तकनीकी कर्मियों की उपस्थिति में पशुओं की जांच की गई और बांझपन से संबंधित समस्याओं का निःशुल्क उपचार किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पशुओं में बढ़ती बांझपन की समस्या की पहचान कर उसका समय पर समाधान करना तथा पशुपालकों को जागरूक करना है।

जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार ने कहा कि पशुओं में बांझपन एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, जिससे पशुपालकों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे जागरूकता एवं उपचार शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को सही जानकारी मिलेगी और वे अपने पशुओं की बेहतर देखभाल कर सकेंगे।

वहीं पशु चिकित्सक डॉ. रानी ने बताया कि बांझपन की समस्या बढ़ने के प्रमुख कारणों में पशुओं को खुला न छोड़ना, नियमित रूप से न टहलाना, समय पर कृमिनाशक दवा न देना और पोषण की कमी शामिल है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण और दवा के माध्यम से इस समस्या से बचाव करें।

शिविर में Acme Therapeutics India Pvt. Ltd. की ओर से भी सराहनीय सहयोग दिया गया। कंपनी के दवा प्रतिनिधि गोपाल शर्मा एवं प्रवीण कुमार ने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा पशुओं के लिए उपयोगी और प्रभावी दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने दावा किया कि इन दवाओं से पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार होता है और बांझपन जैसी समस्याओं में काफी लाभ मिलता है।

शिविर में पहुंचे पशुपालकों ने सरकार, पशुपालन विभाग और दवा कंपनी के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पशुपालन को मजबूत करने और उनकी आर्थिक स्थिति सुधारने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Jehanabad News: Animal Infertility Month camp begins, livestock farmers receive free treatment and medicines

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News