सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने निजी क्लिनिक व लाइब्रेरी का किया उद्घाटन, राहुल गांधी पर साधा निशाना

जहानाबाद बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी  एक निजी कार्यक्रम के तहत जहानाबाद पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने शहर में एक निजी क्लिनिक और एक अत्याधुनिक निजी लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन किया।

लाइब्रेरी के संचालक उपेंद्र कुमार ने बताया कि यह लाइब्रेरी अन्य लाइब्रेरियों से अलग होगी, क्योंकि यहां विद्यार्थियों को 24×7 अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। लाइब्रेरी में आधुनिक सुविधाओं के तहत छात्रों के लिए पर्सनल लॉकर, RO युक्त शुद्ध पेयजल, लड़के-लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा फुल एसी अध्ययन कक्ष की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से छात्र शांत और सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर अपने करियर की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

वहीं क्लिनिक के संबंध में संचालकों ने बताया कि यहां नियमित रूप से ओपीडी सेवा संचालित होगी, जिसमें जहानाबाद और पटना के चर्चित डॉक्टर मरीजों का इलाज करेंगे। क्लिनिक में मरीजों के लिए सरल तरीके से पंजीकरण की सुविधा होगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को समय पर डॉक्टर उपलब्ध हो सकें। साथ ही मरीजों के बैठने के लिए भी पर्याप्त और सुविधाजनक व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है। राज्य में सड़कों का तेजी से निर्माण हो रहा है और बिजली, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, खेल तथा उद्योग जैसे क्षेत्रों में निरंतर विकास देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।

इस मौके पर मंत्री ने पटना के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत और अनुशासन के बल पर शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।

मंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और इसका असर जहानाबाद में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। जिले में खुल रहे नए शिक्षण संस्थान और पुस्तकालय विकास के प्रतीक हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र अध्ययन कर रहे हैं।

इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि राहुल गांधी जनता के वास्तविक मुद्दों से भटककर केवल दिखावटी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “राहुल गांधी रामलीला मैदान में रामलीला कर रहे हैं, लेकिन गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं करते।” बिहार में कांग्रेस के हालिया राजनीतिक प्रयासों पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि उनके मोर्चे का परिणाम सबके सामने है। साथ ही विदेश यात्राओं को लेकर भी उन्होंने चुटकी ली और कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के अंतिम शासक साबित होंगे।

मंत्री के इस बयान के बाद जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Jehanabad News: Minister Pramod Kumar Chandravanshi inaugurated a private clinic and library, taking aim at Rahul Gandhi

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News