असामाजिक तत्वों की हरकत का संदेह, संचालक ने थाना को दी लिखित शिकायत।
जहानाबाद काको प्रखंड के पाली थाना क्षेत्र स्थित सलेमपुर लांजो गांव में देर रात एक सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 1.5 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
सीएसपी सेंटर के संचालक धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि वे रोज की तरह गुरुवार शाम को सेंटर बंद कर सभी स्विच, इन्वर्टर और लाइन को ठीक से बंद कर घर चले गए थे। देर रात मकान मालिक ने फोन कर आग लगने की सूचना दी।
धीरेन्द्र कुमार ने बताया, “जब मैं मौके पर पहुँचा, तब तक सेंटर में तेज लपटें उठ रही थीं। तुरंत डायल 112 को खबर दी गई। बाद में दमकल विभाग और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आग किसी अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा लगाई गई होने की आशंका है। उनका कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है, लेकिन परिस्थितियाँ संकेत देती हैं कि यह शरारती कृत्य हो सकता है। संचालक ने पूरे मामले की लिखित सूचना पाली थाना को दे दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुँची और समय रहते आग को फैलने से रोककर बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीण इस घटना को असामाजिक तत्वों की करतूत बता रहे हैं।
Jehanabad News: A massive fire broke out at the CSP center in Salempur Lanjo village, gutting property worth approximately 1.5 lakh rupees.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












