जहानाबाद, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जहानाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कर-कमलों से राज्य भर की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में रोजगार हेतु 10-10 हजार रुपये की राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि प्रथम किस्त के रूप में दी जा रही है। रोजगार प्रारंभ होने और उसके आकलन के आधार पर आवश्यकतानुसार आगे 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जहानाबाद जिले में आज 26,713 महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की राशि का अंतरण किया गया। इससे पूर्व 26 सितम्बर 2025 को जिले की 1,01,061 महिलाओं के खाते में यह राशि भेजी गई थी। इस प्रकार अब तक जिले की 1 लाख 27 हजार से अधिक महिलाएँ इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।
जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, जीविका जिला परियोजना प्रबंधक विनय कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और योजना के लाभार्थी बनने पर अपनी खुशी जाहिर की।
जिले के सभी प्रखंडों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे गाँव-गाँव की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक देखा। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस राशि से वे अपने पसंदीदा रोजगार की शुरुआत कर सकेंगी और आगे आर्थिक रूप से मजबूत बन पाएंगी।
Jehanabad News: 26,713 women of Jehanabad received financial assistance under the Chief Minister’s Women Employment Scheme.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












