बुध, अप्रैल 8, 2026

Jehanabad News: विकास कार्यों को लेकर सदर विधायक ने मुख्य सचिव से की मुलाकात

जहानाबाद  जिले के विकास कार्यों में आ रही बाधाओं और जनता की समस्याओं को लेकर जहानाबाद सदर के विधायक कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव ने बिहार सरकार के मुख्य सचिव  प्रत्यय अमृत से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से रखा।

विधायक ने मुख्य सचिव का ध्यान सबसे पहले फिदा हुसैन रोड से अनुग्रह नारायण कॉलेज तक की जर्जर सड़क और शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र की बदहाल पथों की ओर दिलाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य लंबित है, जिससे आम लोगों और व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा विधायक ने जिले में विकास कार्यों की धीमी गति पर चिंता जताई। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण में हो रही देरी पर भी असंतोष व्यक्त किया और इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की। साथ ही, पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे महापर्वों को देखते हुए विधायक ने शहर में स्वच्छता और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग नगर विकास सचिव से भी की। उनका कहना था कि त्योहारों के समय शहर की साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सुचारु होना आवश्यक है।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जिले में तैनात अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

विधायक और मुख्य सचिव के बीच हुई यह बैठक जहानाबाद के विकास की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस मुलाकात के बाद अधूरे पड़े विकास कार्यों में तेजी आएगी और जिले की समस्याओं का समाधान होगा।

Jehanabad News: Sadar MLA meets Chief Secretary regarding development works

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News