शनि, अप्रैल 11, 2026

Jehanabad News: आगामी विधानसभा चुनाव में दिव्यांगजनों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर जागरूकता अभियान

जहानाबाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जहानाबाद जिले में दिव्यांगजनों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स विथ डिसेबिलिटीज़ (APD) की राष्ट्रीय टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान की शुरुआत अतिथि गृह में स्वागत समारोह से हुई, जहाँ स्थानीय पदाधिकारियों और दिव्यांगजनों ने फूलमालाओं एवं तालियों की गड़गड़ाहट के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा “कवि जी” और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव प्रसाद का भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान उपस्थित दिव्यांगजन उत्साह और जोश से सराबोर दिखे।

स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रीय टीम काको प्रखंड कार्यालय सभागार पहुँची, जहाँ दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार मिश्रा “कवि जी” ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी मतदाता, विशेषकर दिव्यांगजन, अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त और जीवंत रहेगा जब समाज के सभी वर्ग इसमें बराबर की भागीदारी निभाएँगे।

उन्होंने दिव्यांगजनों से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाएँ और लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र की असली ताक़त तभी है जब उसमें समाज का हर वर्ग सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी दर्ज कराए।”

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव प्रसाद ने भी अपने संबोधन में कहा कि अभी भी बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मतदान नहीं कर पाते, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस बार विशेष पहल की जाएगी ताकि किसी भी दिव्यांग मतदाता को मतदान से वंचित न रहना पड़े।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नवीन कुमार, मीडिया प्रभारी यशु पाल, महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी अंजू कुमारी सहित सैकड़ों दिव्यांगजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जहानाबाद ही नहीं बल्कि पूरे बिहार में दिव्यांगजनों की 100 प्रतिशत मतदान भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस जागरूकता कार्यक्रम ने जिले में एक सकारात्मक संदेश दिया है कि आने वाले चुनाव में दिव्यांगजन लोकतंत्र के सशक्त प्रहरी बनकर अपनी अहम भूमिका निभाएँगे।

Jehanabad News: Awareness campaign to ensure 100% participation of disabled people in the upcoming assembly elections

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News