शनि, अप्रैल 11, 2026

Jehanabad News: पैसे के लेनदेन को लेकर सब्जी विक्रेता की हत्या, सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

जहानाबाद जिले के काको में  एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। सब्जी बेचकर परिवार का पेट पालने वाले 55 वर्षीय मोहम्मद मोहसिन की ₹10 को लेकर हुई मारपीट में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मोहसिन रोज की तरह सब्जी बेच रहे थे तभी ठेकेदार रवि रंजन के लिए वसूली करने वाला विक्की पटेल उनसे 15 रुपए की मांग करने लगा। मोहसिन ने सिर्फ 10 रुपए देने की बात कही, जिस पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। घटनास्थल पर ही मोहसिन की मौत हो गई।

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और काको के लोगों ने नेशनल हाईवे-33 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को बचाने में लगी है। वे ठेकेदार और वसूली करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

पुलिस को झेलना पड़ा विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही काको थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद घोसी के एसडीपीओ संजीव कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। देर शाम तक पुलिस और प्रशासन लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन रात 8 बजे तक जाम और नारेबाजी जारी रही। एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है, जिसमें सब्जी विक्रेता की मौत हुई है।

घटना पर बढ़ी सियासत
चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने राजनीतिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है। चूंकि यह मामला दो समुदायों से जुड़ा हुआ है, इसलिए विभिन्न राजनीतिक दल इस मुद्दे को लेकर सक्रिय हो गए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

बाइट्स
मलिक जी, काको निवासी – “सिर्फ ₹10 को लेकर एक गरीब सब्जी बेचने वाले की जान ले ली गई। हम लोग आरोपी की गिरफ्तारी और परिवार को मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रखेंगे।”

संजीव कुमार, डीएसपी, घोसी – “मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Jehanabad News: Vegetable vendor murdered over money transaction, people protest by blocking the road

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News