जहानाबाद सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने जहानाबाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य और केंद्र की मौजूदा राजनीति पर करारा प्रहार किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार और जिला उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने कहा कि बिहार और देश की राजनीति इस समय ऐसे दौर में खड़ी है जहाँ जनता को ठगने वाले और सत्ता के लिए सौदेबाज़ी करने वाले नेताओं का बोलबाला है।
रंजन कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा और मोदी सरकार ने देश की जनता को सिर्फ़ “जुमले और झूठे वादे” दिए हैं। उन्होंने कहा कि “महँगाई चरम पर है, रोज़गार ख़त्म हो रहे हैं, किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं और युवा पलायन कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने जनता को केवल निराशा दी है।”
नीतीश कुमार और जदयू पर हमला बोलते हुए नेताओं ने कहा कि उन्होंने बिहार की राजनीति को मज़ाक बना दिया है। “कभी भाजपा के साथ, कभी भाजपा के खिलाफ – यह कुर्सी बचाने की राजनीति है, जिसने बिहार को ठहराव और नाकामी के सिवा कुछ नहीं दिया।”
राजद और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के पदाधिकारियों ने कहा कि इन दलों ने वर्षों तक सत्ता भोगी लेकिन जात-पात और भ्रष्टाचार की गंदी राजनीति से बाहर नहीं निकल सके। अब जनता इनके असली चेहरे को पहचान चुकी है।
सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने साफ़ ऐलान किया कि वह किसी भी भ्रष्ट और अवसरवादी दल से समझौता नहीं करेगी। पार्टी की लड़ाई सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन और समाजवादी क्रांति के लिए है।
जिला उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने कहा, “हम किसानों, मज़दूरों, युवाओं और गरीबों की आवाज़ बनकर सामने आएँगे। जनता से हमारा आह्वान है कि वे इन भ्रष्ट, झूठे और दलाल पार्टियों से नाता तोड़कर सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) का साथ दें। यही पार्टी आपके अधिकार, रोजगार और बच्चों के भविष्य की गारंटी दे सकती है।”
पार्टी ने आगामी समय में जिले और राज्य भर में जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा भी की।
Jehanabad News: Call for change in Bihar politics – Socialist Party (India)
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












