शकूराबाद करोड़ों रुपये की लागत से नौ वर्ष पूर्व निर्मित चार मंजिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शकूराबाद में अब तक एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ईसीजी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। इन सुविधाओं के अभाव में मरीजों को निजी क्लीनिकों में मनमानी फीस देकर जांच करानी पड़ रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं।
मरीजों को निजी केंद्रों पर जाना मजबूरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं, तो क्षेत्र के लोगों को जहानाबाद जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
चंदन कुमार नामक एक मरीज ने बताया कि एक्स-रे की सुविधा न होने के कारण हड्डी से जुड़ी चोटों वाले मरीजों को तत्काल जहानाबाद रेफर कर दिया जाता है। इससे गंभीर मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अधिकारियों का दावा- जल्द मिलेगी सुविधा
सीएचसी के प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि हाल ही में रतनी में एक्स-रे सुविधा चालू कर दी गई है और शकूराबाद में भी जल्द ही एक्स-रे मशीन लगाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मरीजों को यह सुविधा अस्पताल में ही मिल सकेगी।
सरकार की करोड़ों की लागत के बावजूद सुविधा नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर अत्याधुनिक अस्पताल तो बना दिया गया, लेकिन बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में इसका पूरा लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ईसीजी जैसी सुविधाएं बहाल करने की मांग की है, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
(रिपोर्ट: संवाददाता, जहानाबाद)
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












