
केरल की वायनाड लोकसभा उपचुनाव जीत के बाद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज पहली बार संसद पहुंचीं। उन्होंने लोकसभा में सांसद पद की शपथ ली। इस दौरान हाथ में संविधान की कॉपी ली। प्रियंका के साथ उनकी मां सोनिया और राहुल गांधी भी संसद पहुंचे।संसद के शीतकालीन सत्र का आज तीसरा दिन है। प्रियंका राज्यसभा सांसद और अपनी मां सोनिया गांधी और राहुली गांधी के साथ संसद भवन पहुंचीं थीं. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज मैं बहुत खुश हूं। प्रियंका गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट पर हाल ही में संपन्न हुए उपचुनाव में धमाकेदार जीत हासिल की थी।
उन्होंने सीपीआई के सत्यन मोकेरी को 4 लाख, 10 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी पर बुधवार को चिंता व्यक्त की और कहा कि इस मामले में भारत सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए और वहां की सरकार के समक्ष अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाना चाहिए। बांग्लादेश पुलिस ने हिंदू समूह ‘सम्मिलित सनातनी जोत’ के नेता चिन्मय कृष्ण दास को ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षेत्र से सोमवार को गिरफ्तार किया था।बांग्लादेश की एक अदालत ने मंगलवार को चिन्मय कृष्ण दास की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि बांग्लादेश में इस्कॉन मंदिर के संत की गिरफ्तारी और अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा की खबरें अत्यंत चिंताजनक हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से मेरी अपील है कि इस मामले में हस्तक्षेप किया जाए और बांग्लादेश सरकार के समक्ष अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया जाए। वहीं दूसरी ओर संसद के शीतकालीन सत्र में तीसरे दिन भी आज विपक्ष का कई मुद्दों पर हंगामा देखने को मिला। जिसकी वजह से कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष ने पिछले दो दिनों से अदाणी और मणिपुर मुद्दे पर जमकर बवाल काटा है। वहीं संसद के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन लोकसभा में विपक्ष ने अडाणी मुद्दे पर हंगामा किया। हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। राहुल गांधी ने रिश्वत मामले को लेकर गौतम अडाणी पर हमला बोला। राहुल बोले, उन्हें जेल में होना चाहिए। मोदी सरकार उन्हें बचा रही है। शीतकालीन सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान 19 बैठकें होंगी, 16 बिल पेश होने हैं। 18वीं लोकसभा का पहला मानसून सत्र 22 जुलाई से 9 अगस्त तक चला था। पूरे सत्र में कुल 15 बैठकें हुईं, जो लगभग 115 घंटे तक चलीं थी। मानसून सत्र में 12 बिल आए थे, सिर्फ 4 ही पास हो सके।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












