
झारखंड, महाराष्ट्र में कल, शनिवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। महाराष्ट्र की बात करें तो यहां पर महायुति और महा विकास अघाडी के बीच सीधा मुकाबला है। लेकिन दोनों संगठन दलों में मुख्यमंत्री को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। महाविकास आघाड़ी (एमवीए) और महायुति ने अपनी-अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं, वहीं दोनों गठबंधनों में सीएम पद को लेकर आंतरिक रूप से टकराव भी शुरू हो गया है। एमवीए में कांग्रेस जहां सीएम पद पर अपना दावा कर रही है, वहीं उसकी सहयोगी शिवसेना (यूबीटी) इससे साफ इन्कार कर रही है। दूसरी तरह, महायुति में भाजपा और शिवसेना सीएम की कुर्सी को लेकर आमने-सामने खड़े दिख रही हैं। चुनाव परिणाम और उसके बाद सरकार का गठन महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र में बहुमत जिसे भी मिले, मुख्यमंत्री चुनना बहुत पेचीदा मामला रहेगा। महायुति में हालांकि फैसला ऊपर से ही होना है, लेकिन एक बार मुख्यमंत्री रह चुके एकनाथ शिंदे क्या भाजपा का मुख्यमंत्री बर्दाश्त कर पाएंगे, यह सबसे बड़ा सवाल है। महा अघाडी में और भी ज़्यादा पेंच है। जिस मुख्यमंत्री पद के लिए उद्धव ने भाजपा का वर्षों पुराना साथ छोड़ दिया, वे क्या कम सीटें आने पर भी इस पद के बिना रह पाएंगे, यह पेचीदा सवाल है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनना चाहिए। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय शिरसाट ने कहा कि विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री के चेहरे पर लड़ा गया। इसलिए हमें लगता है कि मुख्यमंत्री पद पर एकनाथ शिंदे का हक है।विधानसभा चुनाव के नतीजों से एक दिन पहले महाराष्ट्र में नए मुख्यमंत्री को लेकर प्रेशर पॉलिटिक्स शुरू हो गई है। बारामती में एनसीपी अजित गुट के चीफ अजित पवार को भावी मुख्यमंत्री बताए जाने वाले पोस्टर लगाए गए हैं। अजित बारामती से ही विधानसभा चुनाव भी लड़ रहे हैं।उधर, महाविकास अघाड़ी खेमे में भी मुख्यमंत्री को लेकर खटपट शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा- महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेतृत्व में महाविकास अघाड़ी की सरकार बनेगी। ट्रेंड्स से ऐसा लगता है कि कांग्रेस को ज्यादा सीटें आएंगी। इसलिए सरकार कांग्रेस की अगुआई में बनेगी। पटोले का बयान शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत को रास नहीं आया है। राउत ने कहा कि महा विकास अघाड़ी सरकार बनाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री कौन होगा, यह एमवीए गठबंधन सहयोगी तय करेंगे। मैं इसे स्वीकार नहीं करूंगा। कोई भी नहीं करेगा। राउत ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस आलाकमान ने पटोले से कहा है कि वह मुख्यमंत्री होंगे तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी वाड्रा को इसकी घोषणा करनी चाहिए। हालांकि, कल 23 नवंबर को पता चलेगा कि कौन, किधर जाएगा और कौन किसकी सरकार बनवाएगा।



















