
जहानाबाद: 14 दिसंबर 2024 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला जज व्रजेश कुमार ने जहानाबाद और अरवल जिले के न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में अरवल जिले के न्यायिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व्रजेश कुमार ने उपस्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि सभी सुलहनिय मामलों को शीघ्र चिन्हित किया जाए और नोटिस तैयार करने की प्रक्रिया को तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि तैयार नोटिस को संबंधित प्राधिकार कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, और प्री-सीटिंग के माध्यम से मामलों के निष्पादन के लिए भी सार्थक पहल की जाए।
व्रजेश कुमार ने यह भी कहा कि सभी न्यायालयों में पारा विधिक स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है, और उन्हें नोटिस कार्य में सहयोग देने के लिए सक्रिय रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि पिछले राष्ट्रीय लोक अदालत में हुए निष्पादन मामलों से अधिक मामलों का निपटारा इस बार किया जाए। इसके लिए सभी न्यायिक अधिकारियों को विधिक मापदंडों का पालन करते हुए लचीला रुख अपनाने की आवश्यकता है।
बैठक में रंजीत कुमार (सचिव), कौशलेंद्र कुमार शुक्ला (मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी), अदिति कुमारी (अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम), अनीश कुमार (अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी), अंकित रंजन और आलोक कुमार (न्यायायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी) ने भी भाग लिया। अरवल जिले के न्यायिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी अधिकारी मिलकर आगामी लोक अदालत के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगे, ताकि अधिक से अधिक मामलों का समाधान किया जा सके और आम जनता को त्वरित न्याय का लाभ मिल सके।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












