
उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में कल बृहस्पतिवार देर रात एक बेकाबू कलस्टर बस दो राहगीरों को कुचलने के बाद ट्रैफिक पुलिस के बूथ में जा घुसी। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई और तीन पुलिसकर्मियों समेत कुल चार लोग जख्मी हो गए जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं फिलहाल मृतक शख्स की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास कर रही है।
इस घटना के बाद कलस्टर बस का चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
इस मामले में कुछ लोगों ने दावा किया है कि बस के ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ है। पुलिस बस का मैकेनकल इंस्पेक्शन करवाने की तैयारी कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच की जा रही है।
मिले जानकारी के अनुसार यह हादसा सराय रोहिल्ला इलाके में कमल टी-प्वाइंट के पास हुआ। डीटीसी की कलस्टर बस देशबंधु गुप्ता रोड की ओर से आ रही थी। बस में चालक और अन्य स्टाफ के अलावा पांच-छह सवारियां मौजूद थी। अचानक कमल टी-प्वाइंट के पास बस बेकाबू हो गई। बस ने दो राहगीरों को कुचलने के बाद वहां सड़क किनारे बने ट्रैफिक पुलिस के बूथ को उड़ा दिया। हादसे में दोनों राहगीरों के अलावा तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !











