जहानाबाद राज्य संपोषित बालिका +2 विद्यालय में पढ़ने गई एक नाबालिग छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के बाद परिवार में बेचैनी और तनाव का माहौल है। बच्ची की मां ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर बेटी की शीघ्र बरामदगी की गुहार लगाई और कुछ लोगों पर शादी के नियत से बच्ची को छुपाने का आरोप लगाया।
परिजनों ने बताया कि बच्ची की उम्र अभी नाबालिग है और वह रोज की तरह स्कूल जाने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों का कहना है कि कुछ लोग उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं।
परिवार ने नगर थाना समेत कई स्थानों पर आवेदन दिया है, लेकिन कार्रवाई संतोषजनक न होने पर वे मंगलवार शाम करीब 7 बजे सीधे SP कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने SP को पूरी घटना की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी स्थिति बेहद खराब और चिंताजनक है तथा बच्ची की सुरक्षा को लेकर बेहद परेशान हैं।
मां ने कहा कि “हमारी बच्ची नाबालिग है। उसे जल्दी से जल्दी खोजकर लाया जाए। हमने हर जगह आवेदन दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए आज हम खुद SP साहब से मिलने आए हैं।”
परिजनों का कहना है कि यदि किसी तरह पुलिस बच्ची से संपर्क स्थापित कर लेती है या बच्ची स्वयं अपनी सकुशल स्थिति के बारे में बता देती है, तो वे संतुष्ट होंगे। लेकिन उनका मुख्य आग्रह है कि बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उन्हें सौंपा जाए।
SP ने आवेदन प्राप्त कर मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
लापता नाबालिग की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
Jehananad News: A minor girl who attended a state-sponsored school is missing. Mother appeals to the Superintendent of Police.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












