सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: राजद जिला कार्यालय में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष को दी गई श्रद्धांजलि

जहानाबाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद सहशयार खान उर्फ फतो खान के निधन पर शहर के कारगिल चौक स्थित राजद जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में माननीय सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, राजद जिला अध्यक्ष सह सदर विधायक राहुल कुमार, मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास, पूर्व विधायक सुदय यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुदय यादव भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मोहम्मद सहशयार खान पार्टी की नींव के समय से ही राजद से जुड़े हुए थे और संगठन को मजबूत करने के लिए हमेशा समर्पित भाव से कार्य करते रहे। चुनाव के समय पार्टी की जीत को लेकर वे गंभीर विमर्श करते थे और सही निर्णय देने का प्रयास करते थे। उन्होंने कहा कि फतो खान का जाना न केवल राजद बल्कि पूरे जहानाबाद जिले के लिए अपूरणीय क्षति है।

वहीं सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि फतो खान एक पुराने और दिग्गज नेता थे, जो जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों से प्रेरित होकर राजनीति में सक्रिय रहे। वे गरीब किसान परिवार से थे और समाज में व्याप्त ऊँच-नीच व गरीबी को नजदीक से देखा था। यही कारण था कि वे हर वर्ग के लोगों से जुड़कर पार्टी को मजबूत करने का कार्य करते थे। साथ ही वे वरिष्ठ होने के बावजूद छोटे कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन भी देते रहते थे।

श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बुलडोजर एक्शन को लेकर पूछे गए सवालों पर संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार कानून के अनुसार कार्य कर रही है और सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आत्मालोचन करते हुए कहा कि जब हमारी पार्टी खुद मजबूत नहीं होगी, तो हम दूसरों पर प्रभावी विरोध कैसे कर पाएंगे।

सभा में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मोहम्मद सहशयार खान उर्फ फतो खान का योगदान पार्टी के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।

Jehanabad News: Tribute paid to the District President of Minority Cell at RJD District Office

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News