मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News: शकूराबाद में सूखा नशा का कारोबार बेकाबू, युवा पीढ़ी बन रही सबसे बड़ी शिकार

जहानाबाद शकूराबाद थाना क्षेत्र के शकूराबाद बाजार सहित आसपास के कई इलाकों में इन दिनों सूखा नशा के अवैध कारोबार के तेजी से फैलने की चर्चाएं आम हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गोरखधंधा अब धीरे-धीरे पैर पसारता जा रहा है, जिससे क्षेत्र की युवा पीढ़ी सबसे अधिक प्रभावित हो रही है। जिन युवाओं को देश और समाज का भविष्य माना जाता है, वे नशे की इस लत में फंसकर अपना वर्तमान और भविष्य दोनों दांव पर लगा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, कई किशोर और युवा सरेआम सूखा नशा जैसे प्रतिबंधित पदार्थों का सेवन करते नजर आ रहे हैं। इसका असर न केवल उनके शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, बल्कि मानसिक संतुलन भी बिगड़ता जा रहा है। नशा विशेषज्ञों की मानें तो सूखा नशा का लगातार सेवन दिमागी संतुलन को प्रभावित करता है, जिससे व्यक्ति चिड़चिड़ा, आक्रामक और कई बार हिंसक प्रवृत्ति का भी हो जाता है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि इस अवैध कारोबार को कुछ सक्रिय युवाओं का एक संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा है, जो छोटे-छोटे समूह बनाकर अलग-अलग इलाकों में नशे की आपूर्ति कर रहा है। बताया जा रहा है कि सिंडिकेट की दबंगई और भय के कारण आम लोग खुलकर सामने आने और शिकायत करने से भी हिचकिचा रहे हैं।

ग्रामीणों और समाजसेवियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में हालात और भी भयावह हो सकते हैं। नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं की संख्या बढ़ती जा रही है, जिसका सीधा असर परिवार, समाज और कानून-व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

हालांकि, इस पूरे मामले पर फिलहाल प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। एक वायरल वीडियो और कुछ सूचनाओं के आधार पर ही मामले की चर्चा हो रही है, जिसकी सत्यता की पुष्टि हमारा चैनल नहीं करता है। इस संबंध में जब संबंधित अधिकारी से मौखिक रूप से बातचीत की गई तो उन्होंने इसे जांच का विषय बताया और कहा कि मामले की गहन जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि वीडियो कहां का है, इसमें शामिल लोग कौन हैं और हकीकत क्या है। फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शकूराबाद और आसपास के इलाकों में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर नशा कारोबार में लिप्त लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को इस जहर से बचाया जा सके और इलाके में फिर से सुरक्षित माहौल कायम हो सके।

Jehanabad News: The drug trade is out of control in Shakurabad, with the younger generation becoming the biggest victims.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News