सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: उर्दू कन्या मध्य विद्यालय के प्रिंसिपल पर छात्राओं ने लगाया छेड़खानी का गंभीर आरोप, FIR दर्ज

जहानाबाद शहर के मलहचक मोड़ के समीप स्थित राजकीयकृत उर्दू कन्या मध्य विद्यालय में उस समय अफरातफरी मच गई, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी का गंभीर आरोप सामने आया। तीन छात्राओं द्वारा एक साथ लगाए गए आरोपों के बाद बुधवार (17 दिसंबर 2025) को स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

परिजनों का कहना है कि प्रधानाध्यापक संजय कुमार पिछले कई महीनों से छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार कर रहा था। छात्राओं ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें डराया और धमकाया जाता था। बुधवार को जब प्रधानाध्यापक की हरकतें हद से ज्यादा बढ़ गईं, तब छात्राओं ने साहस दिखाते हुए अपने-अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आक्रोशित होकर स्कूल पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों को नगर थाना लाया गया, जहां परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रधानाध्यापक ने स्कूल के एक कमरे में अवैध रूप से बेड लगा रखा था, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। घटना के बाद से ही आरोपी प्रधानाध्यापक संजय कुमार फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी नरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। हालांकि शिक्षा विभाग के अधिकारी फिलहाल जांच पूरी होने तक कुछ भी कहने से बचते नजर आए। नगर थाना अध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि छात्राओं के परिजनों के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, इस मामले पर एसपी विनीत कुमार ने कहा कि पीड़ित नाबालिग छात्राओं के आवेदन के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिक्षा विभाग को भी अपने स्तर से आवश्यक विभागीय कार्रवाई करनी होगी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Jehanabad News: Students level serious molestation charges against the principal of Urdu Girls Middle School, FIR registered

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News