जहानाबाद। शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर फुटपाथ दुकानदार संघ ने जिला प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है। संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि अभियान आंशिक रूप से सही है, लेकिन अगर प्रशासन ने पहले से वेंडिंग जोन की व्यवस्था कर दी होती तो आज शहर जाम और अतिक्रमण की समस्या से मुक्त होता।
प्रशासन पर उदासीनता का आरोप
चोपड़ा ने कहा कि पहले नगर परिषद ने उटा सब्जी मंडी में दो कर्मियों की नियुक्ति की थी, जिनका काम सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की तस्वीर लेकर वरीय अधिकारियों को भेजना था। इससे अतिक्रमणकारियों में खौफ बना रहता था, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यवस्था खत्म हो गई। यह जिला प्रशासन और नगर परिषद की सुस्त कार्यशैली का परिणाम है।
कानून का पालन नहीं
उन्होंने कहा कि अगर फुटकर कानून एक्ट 2014 का सही अनुपालन हुआ होता तो आज प्रशासन और फुटपाथ दुकानदारों के बीच “चूहा-बिल्ली का खेल” नहीं चलता। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन सिर्फ राजस्व हानि रोकने तक ही सीमित है, जबकि वास्तविक समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
स्वच्छ और भयमुक्त रोजगार की मांग
संघ ने कहा कि ध्वनि नियंत्रण प्रणाली के तहत लाउडस्पीकर से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी तो दी जाती है, लेकिन व्यवहारिक समाधान के लिए वेंडिंग जोन और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था जरूरी है।
मार्केट कमेटी की बैठक
इसी मुद्दे पर फुटपाथ दुकानदार संघ ने मार्केट कमेटी की बैठक बुलाई, जिसमें अध्यक्ष राजेश कुमार, मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद शहजाद, रंजन राम, प्रदीप साहू, संतोष कुमार, राजेंद्र राम, किरण देवी, आशा देवी, विनोद चौधरी समेत कई सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में तय हुआ कि जिला प्रशासन, पुलिस-प्रशासन, श्रम विभाग और ट्रैफिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक आवश्यक है, ताकि शहर में स्वच्छ वातावरण और भयमुक्त रोजगार की रूपरेखा तैयार की जा सके।
Jehanabad News: Statement of the footpath shopkeepers association on the encroachment removal campaign, demand to create a wedding zone
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












