जहानाबाद। बिहार में सड़क निर्माण को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अरवल-बिहार शरीफ टू लेन सड़क को फोर लेन में तब्दील करने की मंजूरी मिल गई है। 91.60 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर कुल 3328.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नई योजना के तहत सड़क में कई जगह बायपास भी बनाए जाएंगे, जिससे यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
टू लेन से फोर लेन में तब्दील होगी सड़क
अरवल से बिहार शरीफ तक की मौजूदा सड़क 89 किमी लंबी है। लेकिन फोर लेन के नए डायग्राम में सड़क की लंबाई बढ़कर 91.60 किमी हो जाएगी। इसका कारण यह है कि रास्ते में जाम और भीड़भाड़ से बचने के लिए 5 जगह बायपास बनाए जाएंगे।
4 घंटे की दूरी घटकर 2 घंटे
NHAI गया प्रमंडल के सहायक अभियंता के मुताबिक, इस सड़क के फोर लेन बनने से जहानाबाद, अरवल और नालंदा जिलों के लोगों को सीधा फायदा होगा। अभी जहां 91 किमी की दूरी तय करने में 4 घंटे से ज्यादा लगते हैं, वहीं सड़क बनने के बाद यह सफर डेढ़ से दो घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को तो सुविधा होगी ही, साथ ही उद्योग-धंधों को भी गति मिलेगी।
यह सड़क सिर्फ बिहार को ही नहीं, बल्कि झारखंड और पश्चिम बंगाल से जोड़ने का भी मजबूत माध्यम बनेगी।
जहानाबाद और अरवल में बनेंगे बायपास
तैयार DPR के अनुसार, जाम की समस्या को दूर करने के लिए कुल 5 बायपास बनाए जाएंगे—
- अरवल जिले में 3 बायपास
- जलपुरा मोड़ – 2.20 किमी
- इमामगंज – 3.30 किमी
- किंजर – 3.15 किमी
- जहानाबाद जिले में 2 बायपास
- बभना पशु हाट के पास – 6.94 किमी
- कनौदी रेल ओवरब्रिज से धामापुर गांव तक, जो NH-33 से जुड़ेगा
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
विशेषज्ञों का कहना है कि इस सड़क के बनने से तीन राज्यों के बीच यात्रा आसान होगी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। जहानाबाद, अरवल और नालंदा जिलों में उद्योग और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
Jehanabad News: Reaching Bihar, Jharkhand and Bengal will be easy: 91 KM long four lane road will be built at a cost of 3325 crores, bypass will be built at 5 places
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












