जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। शहर के एक निजी हॉल में आयोजित अल्पसंख्यक समाज की अहम बैठक में राजद विधायक सुदय यादव के खिलाफ नाराज़गी खुलकर सामने आई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में वक्ताओं ने सुदय यादव के आठ साल के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि मुस्लिम बहुल गांवों में अब तक कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। यहां तक कि शहर की फिदा हुसैन रोड, जो अल्पसंख्यक समाज और दुकानदारों का मुख्य इलाका है, जर्जर हालत में पड़ी हुई है। कई बार शिकायतों के बावजूद इस पर कोई पहल नहीं की गई।
लोगों का कहना था कि संकट की घड़ी में भी विधायक अनुपस्थित रहे और अल्पसंख्यकों की आवाज को लगातार अनदेखा किया गया। एक वक्ता ने यहां तक कहा कि सुदय यादव के कार्यकाल में सिर्फ यादव बहुल इलाकों में विकास हुआ, जबकि मुस्लिम समुदाय को हाशिये पर धकेल दिया गया।
बैठक में उपस्थित युवाओं ने साफ कहा कि वे अब झूठे वादों में नहीं फंसेंगे। उन्हें शिक्षा, रोजगार और सुरक्षित माहौल चाहिए। वरिष्ठ सदस्यों ने यह भी स्पष्ट किया कि जहानाबाद को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो सुख-दुख में साथ खड़ा हो और सिर्फ वादे नहीं बल्कि वास्तविक कार्य करे।
अल्पसंख्यक समाज के नेताओं ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मांग की कि आगामी चुनाव में सुदय यादव का टिकट काटा जाए। यदि उनकी मांग नहीं मानी गई, तो समाज नया विकल्प तलाशने को मजबूर होगा।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक समाज एकजुट होकर बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाएगा।
राजद के लिए यह विरोध आने वाले चुनाव से पहले एक गंभीर चेतावनी साबित हो सकता है। यदि पार्टी नेतृत्व इस नाराज़गी को नजरअंदाज करता है तो इसका सीधा असर मतदाताओं के मूड पर पड़ना तय है, खासकर उन इलाकों में जहां अल्पसंख्यक समुदाय निर्णायक भूमिका निभाता है।
Jehanabad News: Questions raised on education, employment and development, minority community broke trust with Suday Yadav
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !











