सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: स्वामी सहजानंद सरस्वती कॉलेज, में विश्व मृदा दिवस पर पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन

जहानाबाद स्वामी सहजानंद सरस्वती कॉलेज, जहानाबाद के भूगोल विभाग के तत्वावधान में विश्व मृदा दिवस के अवसर पर स्नातक तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए “मृदा संरक्षण” विषय पर पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मृदा के महत्व, उसके संरक्षण तथा सतत विकास में उसकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्नेहा स्वरूप ने मृदा को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि मृदा केवल कृषि की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र की आधारशिला है। उन्होंने मृदा अपरदन, रासायनिक प्रदूषण एवं अनियंत्रित शहरीकरण से उत्पन्न समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मृदा संरक्षण के बिना पर्यावरण संतुलन और खाद्य सुरक्षा की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर मृदा संरक्षण के उपायों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।

पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने मृदा क्षरण, जैविक खेती, वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण एवं सतत भूमि उपयोग जैसे विषयों पर रचनात्मक और ज्ञानवर्धक पोस्टर प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल द्वारा विषय-वस्तु, प्रस्तुति शैली और सृजनात्मकता के आधार पर उत्कृष्ट पोस्टरों का चयन किया गया।

इस अवसर पर भूगोल विभाग की प्राध्यापिकाएं डॉ. सीमा कुमारी एवं डॉ. स्मीति रेखा भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।

Jehanabad News: Poster presentation competition organized on World Soil Day at Swami Sahajanand Saraswati College

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News