शनि, अप्रैल 11, 2026

Jehanabad News: बिहार अधिकार यात्रा को लेकर सियासी घमासान, तेजस्वी बोले – “विपक्ष नकलची सरकार”, NDA ने किया पलटवार

जहानाबाद का गांधी मैदान राजनीति का बड़ा अखाड़ा बन गया। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने यहां बिहार अधिकार यात्रा की शुरुआत की और मौजूदा सरकार पर करारा हमला बोला। अपने संबोधन में तेजस्वी ने कहा कि वर्तमान एनडीए सरकार पूरी तरह से “नकलची सरकार” बन चुकी है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार ने उनकी योजनाओं और घोषणाओं की हूबहू नकल की है। उन्होंने कहा – “हमने जो भी घोषणा की, जो भी योजना जनता के बीच रखी, उसी की कॉपी सरकार ने की है। यह सरकार खुद काम नहीं करना चाहती, सिर्फ हमारी योजनाओं का फोटोकॉपी कर जनता को गुमराह कर रही है।”

तेजस्वी के इस बयान ने जहानाबाद की राजनीति को और गरमा दिया। कार्यक्रम के कुछ ही घंटों बाद एनडीए के सहयोगी दल हम पार्टी के नेता चुन्नू शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तेजस्वी पर पलटवार किया।चुन्नू शर्मा ने कहा – “जो खुद नकल करके राजनीति कर रहे हैं, वही दूसरों को नकलची बता रहे हैं। असलियत यह है कि तेजस्वी यादव नीतीश कुमार की योजनाओं की नकल कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।”

चुन्नू शर्मा ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित है। उन्होंने कहा – “तेजस्वी यादव खुद नीतीश कुमार की योजनाओं की नकल करते हैं और फिर उसी नीतीश कुमार को कोसते हैं। यह दोहरा चरित्र अब जनता समझ चुकी है। बिहार की जनता जानती है कि किसने काम किया है और किसने सिर्फ सपने दिखाए हैं।”

हम पार्टी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव बेरोजगारी और महिलाओं की योजना जैसे संवेदनशील मुद्दों पर खोखले वादे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकार यात्रा का मकसद जनता को गुमराह करना है, जबकि एनडीए सरकार ने वास्तविक विकास कार्यों से बिहार की तस्वीर बदलने का काम किया है।

जहानाबाद में हुई इस जुबानी जंग ने साफ कर दिया है कि बिहार की राजनीति अब चुनावी मोड़ ले रही है। एक तरफ तेजस्वी यादव बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध को मुद्दा बनाकर जनता से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एनडीए के नेता उनकी घोषणाओं को झूठ और नकल करार देकर जनता के बीच उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं।

गांधी मैदान की सभा और उसके बाद हुई इस बयानबाजी ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में तेजस्वी यादव की यह अधिकार यात्रा विपक्ष को कितना मजबूत करती है और एनडीए इस पर कैसे जवाबी रणनीति अपनाता है।

Jehanabad News: Political uproar over Bihar Adhikar Yatra, Tejashwi said – “Opposition is a copycat government”, NDA retaliated

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News