शनि, अप्रैल 11, 2026

Jehanabad News: सदर अस्पताल परिसर स्थित GNM स्कूल भवन में चिकित्सा पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय IDSP प्रशिक्षण आयोजित।

जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर स्थित GNM स्कूल भवन जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों, प्रभारी अधीक्षक तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (24×7) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें जिले में संचालित रोग सर्विलेंस प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को क्षेत्र में फैलने वाली प्रमुख संक्रामक बीमारियों—जैसे जापानी इंसेफेलाइटिस, टाइफाइड, डायरिया, खसरा (मीजल्स), चिकन पॉक्स आदि—के लक्षण, पहचान, रिपोर्टिंग प्रक्रिया एवं रोकथाम के उपायों से अवगत कराया गया।
इसके साथ ही संभावित एवं वर्तमान आउटब्रेक की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि समय पर रोग की पहचान कर जिला स्तर तक सूचना प्रेषित की जा सके और आवश्यक निरोधात्मक एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण सत्र में सभी प्रभारी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को यह भी बताया गया कि अपने-अपने संस्थानों एवं क्षेत्रों से संबंधित रोग निगरानी का दैनिक ऑनलाइन प्रतिवेदन IDSP के IHIP पोर्टल के माध्यम से कैसे किया जाए तथा इसकी नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग कैसे सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान राज्य, जिला एवं प्रखंड स्तर की रैंकिंग, रिपोर्टिंग की समयबद्धता एवं आंकड़ों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, जहानाबाद डॉ. हरीश चंद्र चौधरी ने उपस्थित प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि वे रोग निगरानी कार्यक्रम के अंतर्गत दर्ज होने वाले मामलों की गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने संस्थानों में इसकी नियमित अनुश्रवण व्यवस्था लागू करें।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी फील्ड मॉनिटर एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. खालिद हुसैन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन, जहानाबाद के निर्देशानुसार किया गया।
प्रशिक्षक के रूप में आलोक कुमार, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट एवं डॉ. प्रमोद कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं सहयोगी के रूप में अजय कुमार सिन्हा (DEO–IDSP), आद्री संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में रोग निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा समय पर रोग नियंत्रण एवं रोकथाम सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Jehanabad News: One day IDSP training organized for medical officers in GNM School building located in Sadar Hospital campus.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News