मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News: घोसी विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी ऋतुराज ने किया नामांकन, जनता से मांगा आशीर्वाद

जहानाबाद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नामांकन प्रक्रिया के तहत 217-घोसी विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी ऋतुराज ने  अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और “ऋतुराज ज़िंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। पूरे परिसर में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में ऋतुराज ने कहा “मैं घोसी की जनता के आशीर्वाद से चुनाव मैदान में उतरा हूं। अगर जनता ने मुझ पर भरोसा जताया, तो युवाओं के रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए दिन-रात काम करूंगा।”

उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में घोसी क्षेत्र में आई बाढ़ से कई सड़कों और करों को भारी नुकसान हुआ है, जिनकी मरम्मत वर्षों से नहीं हुई। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बनते ही बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा और क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।

ऋतुराज ने कहा कि उनका उद्देश्य घोसी विधानसभा को एक आदर्श क्षेत्र बनाना है —मेरा सपना है कि घोसी के युवाओं को रोजगार मिले, किसानों को स्थायी सहयोग मिले और हर घर तक विकास पहुंचे। मैं जनता से अपील करता हूं कि मुझे अपना आशीर्वाद दें ताकि घोसी का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।”

नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं, समर्थकों में जोश और उत्साह देखने लायक था।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि ऋतुराज के मैदान में उतरने से घोसी विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला अब और दिलचस्प हो गया है।

Jehanabad News: NDA candidate Rituraj files nomination from Ghosi assembly seat, seeks public blessings

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News