मंगल, फ़रवरी 10, 2026

Jehanabad News: ‘नेशनल टैलेंट हंट – बिहार की आवाज़’ कार्यक्रम का शुभारंभ

जहानाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इस्तियाक आज़म ने जिला कांग्रेस मुख्यालय में नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम का जिला स्तर पर औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार प्रजातांत्रिक मूल्यों की समृद्ध भूमि रही है, जहां लोकतांत्रिक आस्था का बीज गहराई से बोया गया है। उन्होंने कहा कि यह बीज आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है, जिसके संरक्षण में सामाजिक न्याय के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इस्तियाक आज़म ने बताया कि इसी सोच के साथ “बिहार की आवाज़” नाम से नेशनल टैलेंट हंट की शुरुआत की गई है। यह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया विभाग की एक अभिनव पहल है, जिसे देशभर की राज्य इकाइयों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पार्टी की संचार क्षमता को मजबूत करना और जमीनी स्तर से प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करना है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत ऐसे लोगों का चयन किया जाएगा, जो जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जनता के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठा सकें। इस टैलेंट हंट में तीन प्रमुख क्षेत्रों में प्रतिभाओं की खोज की जा रही है। इसमें मीडिया प्रवक्ता और पैनलिस्ट, रिसर्च कोऑर्डिनेटर तथा पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर शामिल हैं। मीडिया प्रवक्ता और पैनलिस्ट टीवी, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे। वहीं रिसर्च कोऑर्डिनेटर तथ्य और शोध आधारित सामग्री तैयार कर नीतिगत विश्लेषण में सहयोग करेंगे तथा पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर सोशल मीडिया, व्हाट्सएप नेटवर्क और स्थानीय मीडिया के माध्यम से पार्टी का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह नेशनल टैलेंट हंट पूरी तरह पारदर्शी और समावेशी प्रक्रिया के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों के लोगों को समान अवसर दिया जाएगा। यह कार्यक्रम पार्टी के भविष्य के संप्रेषकों, शोधकर्ताओं और जनसंपर्क नेतृत्व को विकसित करने के उद्देश्य से एक दीर्घकालिक क्षमता निर्माण पहल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह योग्यता, क्षमता, प्रतिबद्धता और दक्षता के आधार पर होगी तथा इसमें किसी प्रकार के राजनीतिक दबाव या पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं होगी।
प्रेस वार्ता में बिहार प्रदेश से नियुक्त नेशनल टैलेंट हंट के मगध प्रमंडल प्रभारी डॉ. खालिद अमीन, शमी अख्तर, प्रवक्ता प्रो. भूषण कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष प्रो. खलील अंसारी, अशोक प्रियदर्शी, कन्हैया शर्मा, वासिमुल हक रुस्तम, अयूब अंसारी, गौरी शंकर यादव, राकेश शर्मा, प्रेम कुमार, शैक आज़म, आशिक इमाम सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jehanabad News: Launch of ‘National Talent Hunt – Voice of Bihar’ program

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar

Relates News

Discover more from DW Samachar

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading