बुध, अप्रैल 1, 2026

Jehanabad News: अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान प्रभात फेरी निकाल लोगों को किया जागरूक

भीषण गर्मी से पहले फायर विभाग अलर्ट, सड़कों पर उतरी टीम — “छोटी चिंगारी भी बन सकती है बड़ी आग”

जहानाबाद: जिले में बढ़ती गर्मी और आगजनी की संभावनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल के नेतृत्व में अग्नि सुरक्षा सह जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों पर मार्च निकालकर लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए। यह जागरूकता रैली गांधी मैदान स्थित अग्निशमन कार्यालय से शुरू होकर अंबेडकर चौक, हर्बल मोड़, काको मोड़ होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई कारगिल चौक पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों को गर्मी के मौसम में आग से बचाव के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल ने बताया कि गर्मी के दिनों में छोटी-सी चिंगारी भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि रसोई घर में खाना बनाते समय हमेशा पास में पानी से भरी बाल्टी रखें और खाना बनाने के बाद गैस सिलेंडर का रेगुलेटर अवश्य बंद करें। साथ ही खाना बनाने से पहले गैस पाइप और सिलेंडर को अच्छी तरह जांच लें कि कहीं गैस लीकेज तो नहीं हो रहा है। यदि गैस रिसाव की आशंका हो, तो किसी भी प्रकार की बिजली का स्विच या लाइट न जलाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि रसोई घर में उचित वेंटिलेशन यानी खिड़की या रोशनदान होना जरूरी है, ताकि गैस का जमाव न हो सके। इसके अलावा शॉर्ट सर्किट से बचने के लिए बिजली के तारों और उपकरणों की समय-समय पर जांच करते रहने की सलाह दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से चेतावनी देते हुए जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल ने कहा कि खेतों में जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकने से भी आग लगने का खतरा बना रहता है, जिससे फसलें जल सकती हैं। ऐसे में लोगों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि यदि कहीं आग लग जाए, तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें और आग की दिशा के आसपास घास या फसल की कटाई कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास करें। जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल ने अग्निशमन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 101 के साथ-साथ स्थानीय संपर्क नंबर 06114-223164 एवं9430999183/748580822/7485805824/9430099183 पर तुरंत सूचना देने की अपील की।उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में प्रखंड और गांवों में भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।
इस अभियान में अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे, जिनमें आशा प्रभारी विनोद कुमार, कविश कुमार, मंटू कुमार सिंह; प्रधान अग्निक शिवशंकर कुमार, विजय कुमार मंडल, अजीत कुमार, एमडी आरिफ हुसैन; अग्निक चालक राहुल यादव, धर्मेंद्र कुमार, चंदन कुमार, नेश सिंह; तथा अन्य कर्मियों में सरोज कुमार, औरंगजेब अंसारी, राहुल कुमार, पुष्पा कुमारी, सुमित कुमार, विकेंद्र कुमार, संध्या कुमारी आदि शामिल रहे। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर आगजनी की घटनाओं को रोकना और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Jehanabad News: Fire safety awareness campaign: People made aware by taking out morning procession

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar

Relates News