मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News :अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज, प्रभात फेरी और रैली से लोगों को किया जागरूक



जहानाबाद भीषण गर्मी की शुरुआत से पहले जहानाबाद में अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। आगजनी की संभावनाओं को देखते हुए जिलेभर में व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल के नेतृत्व में प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली गांधी मैदान स्थित अग्निशमन कार्यालय से शुरू होकर अंबेडकर चौक, नगर थाना, ट्रैफिक थाना, एसटीसी थाना, महिला थाना सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कारगिल चौक पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम सड़कों पर उतरी और दुकानदारों, राहगीरों तथा आम लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही जागरूकता पर्चे भी वितरित किए गए।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी स्नेही सोनल ने कहा कि गर्मी के मौसम में छोटी-सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहर की तेज गर्मी में खाना बनाने से बचें और सुबह या शाम के समय ही भोजन तैयार करें। रसोई में हमेशा पानी से भरी बाल्टी रखें तथा खाना बनाने के बाद गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बंद करना न भूलें। उन्होंने यह भी बताया कि गैस पाइप और सिलेंडर की नियमित जांच करें, ताकि किसी प्रकार का गैस रिसाव न हो। यदि गैस लीकेज की आशंका हो, तो बिजली के स्विच या लाइट का उपयोग बिल्कुल न करें। रसोई में उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था भी आवश्यक है। बिजली से होने वाली आगजनी को लेकर उन्होंने कहा कि घरों और दुकानों में लगे तारों और उपकरणों की समय-समय पर जांच करें, ताकि शॉर्ट सर्किट की घटनाओं से बचा जा सके।।ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि खेतों में जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकना खतरनाक साबित हो सकता है। फसल कटाई के बाद खेतों में आग लगाना भी गंभीर जोखिम पैदा करता है, जिससे बड़ी आग फैल सकती है। उन्होंने बताया कि यदि कहीं आग लगती है, तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें और आसपास की घास या फसल काटकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास करें। इसके लिए अग्निशमन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 101 के साथ-साथ स्थानीय नंबर 06114-223164, 9430999183, 748580822, 7485805824, 9430099183 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक जिले के सभी स्कूलों, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा, जिसमें लोगों को विशेष प्रशिक्षण और जागरूकता दी जाएगी।
इस अभियान में अग्निशमन विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में आगजनी की घटनाओं को रोकना और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Jehanabad News: Fire safety awareness campaign intensifies, people made aware through morning walk and rally

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News