मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News: खेत में काम कर रहे किसान की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, गांव में फैली दहशत

जहानाबाद जिले के रतनी प्रखंड अंतर्गत कस्मा पंचायत के शिवगंज गांव में  दिनदहाड़े एक वृद्ध किसान की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान लगभग 55 वर्षीय करीमन पासवान के रूप में हुई है, जो अपने खेत में कटनी का काम कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक की पुत्री के अनुसार, करीमन पासवान रोज की तरह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका पोता पवन वहां पहुंचा और कुछ देर बातचीत करने लगा। अचानक उसने पीछे से तेज धार वाले हथियार से हमला कर दिया। पहले वार हाथ पर किया गया, जिससे वह बचाव भी नहीं कर सके। इसके बाद गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ 5 से 6 बार हमला किया गया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के समय जब मृतक की बेटी ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। खेत में खून से लथपथ पड़ी लाश देखकर लोग सन्न रह गए। पूरे गांव में मातम और भय का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह पारिवारिक विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।

ग्रामीणों में इस निर्मम हत्या को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पवन अक्सर अपने दादा से मिलने आता-जाता था, ऐसे में इस तरह की वारदात ने सभी को हैरान कर दिया है। फिलहाल गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Jehanabad News: Farmer working in the field brutally murdered with a sharp weapon, spreading panic in the village

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News