मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News: आगजनी से झुलसे वृद्ध की इलाज के दौरान मौत, स्वजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

जहानाबाद के परस बीघा थाना क्षेत्र के गोडीहा गांव में करीब दो माह पूर्व आगजनी की घटना में गंभीर रूप से झुलसे एक वृद्ध की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान 85 वर्षीय रामबाबू यादव के रूप में की गई है। मौत की खबर मिलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और आक्रोशित परिजनों ने शव को अरवल–जहानाबाद मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

स्वजनों के अनुसार, 28 सितंबर की रात रामबाबू यादव अपने दालान में सो रहे थे, तभी गांव के दो लोगों ने आग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया था। लगभग दो महीने तक चले इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष शिशुपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी और दोनों आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Jehanabad News: Elderly man burnt in arson dies during treatment, relatives protest by blocking road

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News