जहानाबाद (बिहार): जिले के काको प्रखंड में जमीन के दाखिल-खारिज के नाम पर घूस मांगने वाले एक डाटा ऑपरेटर को निगरानी विभाग की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी डाटा ऑपरेटर सतीश कुमार को टीम ने 3 हजार रुपए की पहली किस्त लेते हुए प्रखंड कार्यालय से ही दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, काको प्रखंड में कार्यरत सतीश कुमार ने खालिसपुर निवासी नीरज कुमार से उनकी जमीन के दाखिल-खारिज के बदले कुल 15 हजार रुपए की घूस की मांग की थी। इससे परेशान होकर नीरज कुमार ने निगरानी विभाग, पटना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले की सत्यता की जांच की, जो सही पाई गई। इसके बाद गुरुवार को टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और जैसे ही सतीश कुमार ने 3 हजार रुपए की पहली किस्त ली, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
निगरानी विभाग के डीएसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे आगे की कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया है।
शिकायतकर्ता नीरज कुमार ने बताया कि “फरवरी माह से मैं अपने जमीन के दाखिल-खारिज के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रहा था। डाटा ऑपरेटर बार-बार पैसे की मांग कर रहा था। मजबूर होकर मैंने निगरानी विभाग में इसकी शिकायत की थी।”
यह एक सप्ताह के अंदर जहानाबाद जिले में निगरानी विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसमें सरकारी कर्मचारियों को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व कार्यों में छोटे स्तर के कर्मचारी अक्सर आम जनता से घूस की मांग करते हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोग खासे परेशान रहते हैं। निगरानी विभाग की यह कार्रवाई ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ सख्त चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।
Jehanabad News: Data operator arrested red-handed while taking bribe, 15 thousand rupees were demanded for mutation.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












