जहानाबाद सतर्कता अभियान सप्ताह के तहत जहानाबाद समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में नागरिकों के लिए सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने की। मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और आम नागरिक उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्य सचिव, निगरानी विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक पूरे जिले में सतर्कता अभिचेतना सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सभी विभागीय, अनुमंडलीय और प्रखंड कार्यालयों में सत्यनिष्ठा कार्यक्रम एवं जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार लोक प्रशासन को कलुषित करता है और समाज की प्रगति में बाधक बनता है। एक स्वच्छ, निष्ठावान और पारदर्शी प्रशासन-तंत्र ही राज्य में विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकता है तथा गरीबी उन्मूलन एवं मानवाधिकार संरक्षण में सहायक हो सकता है।
डीएम पांडेय ने बताया कि राज्य सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत भ्रष्टाचार नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। बिहार विशेष अधिनियम–2009 के तहत भ्रष्ट लोक सेवकों की संपत्ति को राज्यसात करने की कार्रवाई तेज की गई है।
उन्होंने कहा — “भ्रष्टाचार हमारे देश की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए सरकार, नागरिक और निजी क्षेत्र सभी को मिलकर काम करना होगा।”
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित नागरिकों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई
“मैं प्रतिज्ञा करता हूँ कि जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी और कानून के नियमों का पालन करूंगा। न तो रिश्वत लूंगा और न ही दूंगा। सभी कार्य पारदर्शी और जनहित में करूंगा तथा अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करूंगा।”
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता सह लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय सहित जिले के अनेक पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
Jehanabad News: Citizens administered the oath of integrity – Vigilance Campaign Week is being celebrated with the resolve to create a corruption-free society.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












