जिले के विकास और सुख-समृद्धि की कामना की, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने जताया आभार
जहानाबाद। जिले में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गया। सुबह से ही जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। छठव्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस पावन अवसर पर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने भी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सभी जिलावासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की।
जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की ओर से छठ महापर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। विभिन्न घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाईकर्मियों, गोताखोरों और स्वयंसेवकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महापर्व के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन पर जिला प्रशासन ने सभी छठव्रतियों, श्रद्धालुओं और जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही पूजा समितियों सहित आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के योगदान की सराहना की। जिलेवासियों के सहयोग, आपसी सौहार्द और प्रशासनिक व्यवस्था के कारण छठ महापर्व पूरे जिले में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
Jehanabad News: Chhath festival concludes with the offering of ‘arghya’ to the rising sun; the DM also made an offering.


















