जहानाबाद: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। इसी क्रम में जहानाबाद के अरवल मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से विजय उत्सव मनाया। ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाज़ी और मिठाइयों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी का इजहार किया।
जश्न का उत्साह दोगुना होने का एक बड़ा कारण यह भी रहा कि जहानाबाद जिले के रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान पार्षद डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी को नवगठित राज्य सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। खबर मिलते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विजय उत्सव में भाजपा जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, पूर्व जिला उपाध्यक्ष, जिला मंत्री, नगर उपाध्यक्ष, अति पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. चंद्रवंशी को मंत्री बनाए जाने को जहानाबाद के लिए गर्व का विषय बताया।
नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एनडीए की जीत के लिए बधाई दी और कहा कि यह जनादेश विकास, सुशासन और स्थिरता के प्रति जनता की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही उम्मीद जताई कि नई सरकार बिहार को तेज़ी से विकास की राह पर आगे ले जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और पटाखे फोड़कर इस विजय पल को यादगार बनाया।
Jehanabad News: Celebrations in Jehanabad on NDA’s victory in Bihar, BJP workers celebrated Vijay Utsav at Arwal turn
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












