मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News: बिहार में बड़ा खेला करेगी भागीदारी पार्टी” — प्रेम चंद्र प्रजापति

महेश प्रजापति का तंज — “एक ने जंगलराज तो दूसरे ने अशिक्षा फैलाई”

जहानाबाद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र भागीदारी पार्टी ने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम चंद्र प्रजापति ने कहा कि उनकी पार्टी इस बार बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जहानाबाद सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है और यहां पार्टी प्रत्याशी नीतीश कुमार प्रजापति जीत की ओर अग्रसर हैं।

प्रेम चंद्र प्रजापति ने कहा, “भागीदारी पार्टी बिहार की कई सीटों पर मजबूती से लड़ रही है और इंडिया गठबंधन और एनडीए दोनों को कड़ी टक्कर दे रही है। बड़े दलों को लग रहा है कि उनकी सरकार बनेगी, लेकिन असल में भागीदारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भीतर से उनकी पोल खोल दी है।

बिहार में शिक्षा, रोजगार और समान हिस्सेदारी मुख्य मुद्दा

प्रेस वार्ता में भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. महेश चंद्र प्रजापति (एमपी) ने बताया कि पार्टी जिन मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रही है, वे पूरी तरह जनहित आधारित हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी “एक समान और अनिवार्य शिक्षा, प्राथमिक से लेकर परास्नातक तक मुफ्त पढ़ाई, तकनीकी शिक्षा, मतदाता पेंशन, भूमि सुधार, वित्तविहीन शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति, विधवा और वृद्धा पेंशन ₹3000 प्रतिमाह, पत्रकार आयोग का गठन, गरीब कल्याण कार्ड, निशुल्क चिकित्सा, बिजली-पानी व्यवस्था, छात्र आयोग और मनरेगा मजदूरों की ₹500 दिहाड़ी” जैसे मुद्दों को लेकर मैदान में उतरी है।

डॉ. प्रजापति ने कहा कि अगर भागीदारी पार्टी की सरकार बनी, तो हर जिले में एक खेल स्टेडियम, दिहाड़ी मजदूरों के लिए नि:शुल्क बस सेवा, और पिछड़े वर्गों व महादलित छात्रों के लिए मुफ्त IAS/PCS कोचिंग जैसी योजनाएं तत्काल लागू की जाएंगी।

लालू और नीतीश पर करारा हमला

महेश प्रजापति (एमपी) ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि,
“एक ने बिहार में जंगलराज कायम किया और दूसरे ने अशिक्षा फैलाई। दोनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। इन दोनों ने मिलकर बारी-बारी से बिहार को लूटा और जनता को गुमराह किया।”
उन्होंने कहा कि अब बिहार की जनता जाग चुकी है और जातीय राजनीति से ऊपर उठकर विकास और भागीदारी की राजनीति को अपना रही है।

उपेक्षित वर्गों को मिला राजनीतिक प्रतिनिधित्व

महेश प्रजापति ने कहा कि भागीदारी पार्टी “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के सिद्धांत पर काम कर रही है। पार्टी ने सभी जाति और धर्मों के लोगों को टिकट देकर उनकी वास्तविक राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि अब वह दौर खत्म हो चुका है जब अति पिछड़ा और महादलित समाज सिर्फ वोट देने तक सीमित था।

पार्टी पदाधिकारी भी रहे मौजूद

इस अवसर पर जहानाबाद विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी नीतीश कुमार चंचल प्रजापति, उमेश पंडित, करीमन पंडित, सोनू कुमार, अमरेश कुमार, प्रमोद कुमार, बिंदु पंडित, बंटी कुमार, काशी पंडित, सतीश कुमार और कवि कुमार पंडित सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Jehanabad News: Bhagidari Party will play a big game in Bihar” – Prem Chandra Prajapati

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News