शनि, अप्रैल 11, 2026

Jehanabad News:बराबर हिल को मिलेगा नया स्वरूप, इको-टूरिज्म परियोजना का मंत्री ने किया निरीक्षण


जहानाबाद: बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बराबर हिल क्षेत्र में चल रही इको-टूरिज्म विकास परियोजना का विस्तृत निरीक्षण किया। यह परियोजना मुख्यमंत्री की ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान घोषित की गई थी, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए इसे एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परियोजना के विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परियोजना के तहत अब तक कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। पहाड़ी की चोटी तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए लाल बलुआ पत्थर से सीढ़ियों का निर्माण पूरा हो गया है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए रेलिंग भी लगा दी गई है। वहीं, क्षेत्र के तालाब की गाद निकासी और सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन आकर्षण भी बढ़ा है।

वर्तमान में सैंडस्टोन गज़ेबो, बेंच और नए प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य प्रगति पर है। घाट विकास के कार्य भी तेजी से चल रहे हैं, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता को और मजबूती मिलेगी। मंत्री ने निरीक्षण के दौरान गौघाट में पार्किंग, गज़ेबो और बेंच लगाने, वर्मीकम्पोस्ट यूनिट स्थापित करने, इको-कॉटेज एवं एडवेंचर गतिविधियों की शुरुआत करने के निर्देश दिए। साथ ही खाली स्थानों पर पीपल, बरगद, पाकड़ और फलदार पौधों के रोपण पर भी जोर दिया गया।


परियोजना के अगले चरण में इंटरप्रिटेशन सेंटर, हरित पार्क, कैफेटेरिया, वेंडर जोन और पार्किंग क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनकी शुरुआत जल्द होने की संभावना है।


मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक है। साथ ही स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए रोजगार सृजन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। निरीक्षण के अंत में मंत्री ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बराबर हिल इको-टूरिज्म परियोजना को राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके पूर्ण होने पर यह क्षेत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

Jehanabad News: Barabar Hill will get a new look, the minister inspected the eco-tourism project.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News