सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: अतिक्रमण की समस्या से निजात को लेकर डीएम अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में अहम बैठक, सख्त निर्देश जारी

जहानाबाद जिले में अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने को लेकर जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र एवं काको नगर पंचायत में बढ़ती अतिक्रमण की समस्या, जाम और अव्यवस्थित वेंडिंग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत ऊँटा सब्जी मंडी की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि सब्जी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध होने के बावजूद कुछ विक्रेता सड़क पर सब्जी बेच रहे हैं, जिससे लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी सब्जी विक्रेताओं को उनके निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराने के बाद दोबारा सड़क पर सब्जी बेचने वालों से जुर्माना वसूलने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, जहानाबाद को दिया।

इसके अलावा काको मोड़ से ऊँटा मोड़ (शनि मंदिर) तक ठेला एवं गुमटी लगाकर सामग्री बेचने वाले सभी विक्रेताओं को शनि देव मंदिर के पीछे विकसित किए जा रहे वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। वहीं अरवल मोड़ पर मौजूद सब्जी विक्रेताओं को चिन्हित कर नवनिर्मित वेंडिंग जोन में शिफ्ट कराने का आदेश भी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को दिया गया।

अस्पताल मोड़ पर ठेला लगाने वालों को पूर्व से चिन्हित वेंडिंग जोन तक ही सीमित रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही अतिक्रमण करने वाले ठेला संचालकों को चिन्हित कर उन पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में काको नगर पंचायत के बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। डीएम ने पथ पर सब्जी, फल आदि बेचने वाले विक्रेताओं को किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। इसके पूर्व माइकिंग कराने तथा स्थानीय लोगों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत काको एवं अंचल अधिकारी काको को दिया गया। साथ ही पूरे बाजार क्षेत्र की मापी कराकर प्रतिवेदन समर्पित करने और संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चलाने के आदेश दिए गए। इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने को भी कहा गया।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को अतिरिक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी स्थानों पर माइकिंग कर लोगों को पूर्व सूचना देने और वेंडिंग एसोसिएशन के साथ बैठक कर समन्वय के साथ कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।

बैठक में यह भी बताया गया कि नगर परिषद क्षेत्र में फोर व्हीलर वाहनों के लिए चिन्हित पार्किंग स्थल होने के बावजूद लोग इधर-उधर वाहन खड़े कर देते हैं। इस पर डीएम ने वाहनों पर डिवाइस के माध्यम से फाइन लगाने की व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए अविलंब टेंडर फाइनल करने और 15 से 20 दिनों के भीतर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जहां-जहां अतिक्रमण हटाया जाएगा, वहां दोबारा किसी भी परिस्थिति में अतिक्रमण न हो, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पुलिस विभाग की होगी। साथ ही कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद जहानाबाद एवं नगर पंचायत काको को अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई कर जुर्माना वसूली करने और उसकी नियमित रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इस बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घोसी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद दिनानाथ प्रसाद, अंचल अधिकारी जहानाबाद स्नेहा सत्यम, अंचल अधिकारी काको मो. नौशाद हैदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Jehanabad News: An important meeting chaired by DM Alankrita Pandey to address the encroachment problem, strict instructions issued

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News