जहानाबाद (रतनी–प्रखंड) क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में बीते रात धान के पुंज में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। इस घटना में करीब एक बीघा जमीन की धान की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे किसान को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शकूराबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी शिवनाथ कुमार, पिता लव पासवान, ने अपने खेत का धान आहर के किनारे बोझा बनाकर रखा था। शुक्रवार देर रात अचानक धान के पुंज से आग की लपटें उठती देख उन्होंने शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि उस पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका।
घटना की सूचना शकूराबाद थाना को दी गई, जिसके बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक लगभग 30 मन धान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित शिवनाथ कुमार ने बताया कि खेती ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। इस घटना से वे पूरी तरह टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि अब परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है और उनके सामने भूखों मरने की नौबत आ गई है।
इस संबंध में जब अंचल अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो जानकारी मिली कि अंचल अधिकारी वर्तमान में अवकाश पर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Jehanabad News: A fire in a paddy field caused a loss of thousands of rupees, burning one bigha of crop to ashes.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












