मंगल, अप्रैल 7, 2026

Jehanabad News : नौरू गुमटी के पास पिकअप वाहन से चार लाख की लूट का दावा, व्यवसायी ने चालक पर ही रची साजिश का लगाया आरोप

जहानाबाद परसबिगहा थाना क्षेत्र के नौरू-मई गुमटी के पास बुधवार सुबह पिकअप वाहन से चार लाख रुपये लूटे जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, यह घटना तब विवादों में घिर गई, जब वाहन मालिक अंडा व्यवसायी ने लूट की कहानी को ही संदिग्ध बताते हुए अपने चालक पर रुपये हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

पिकअप चालक अजय चौधरी, निवासी गौरक्षणी मंदिर के पास, ने दावा किया कि स्कॉर्पियो सवार हथियारबंद अपराधियों ने उसका वाहन रुकवाया और पिस्टल के बट से शीशे पर प्रहार कर गाड़ी में रखे चार लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद चालक ने अंडा व्यवसायी सह गया निवासी मो. सज्जाद अख्तर को फोन कर घटना की जानकारी दी। यह राशि जाफरगंज निवासी अंडा व्यवसायी मो. फैयाज उमर द्वारा दी गई थी।

सूचना मिलने पर मो. फैयाज उमर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और Dial-112 पर पुलिस को कॉल किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन और चालक को परसबिगहा थाना लाया। जांच के दौरान वाहन के शीशे पर ईंट लगने जैसे निशान पाए गए, जिससे पुलिस को भी घटना संदेहास्पद लगी।

इसके बाद मो. फैयाज उमर ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि चालक अजय चौधरी ने साजिश के तहत रुपये हड़प लिए हैं और लूट की झूठी कहानी गढ़ी है। उन्होंने यह भी बताया कि एक साल पहले भी चालक द्वारा पैसे गायब किए जाने का मामला सामने आया था, जिसे बाद में उसकी पत्नी द्वारा माफी मांगने और राशि लौटाने के बाद सुलझा लिया गया था।

थानाध्यक्ष शिशुपाल कुमार ने बताया कि व्यवसायी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला वास्तविक लूट है या फिर चालक द्वारा रची गई साजिश।

Jehanabad News: A businessman accused the driver of plotting a robbery of Rs 4 lakh from a pickup truck near Nauru Gumti.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News