शनि, अप्रैल 11, 2026

Jehanabad News: सर्पदंश से 43 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जहानाबाद जिले के काको प्रखंड अंतर्गत ग्राम फिरोजी टोला जन बिगहा में सर्पदंश की घटना से एक बार फिर गांव में मातम पसर गया। गांव निवासी स्व. मुनि यादव के पुत्र एवं राजद के महासचिव सह काको सांसद प्रतिनिधि उमेश कुमार यादवेंदु के भतीजा गुड्डू यादव (43 वर्ष) की आकस्मिक मौत  देर रात सांप के काटने से हो गई।

जानकारी के अनुसार, बीती रात 23 सितंबर को गुड्डू यादव अपने घर में पलंग पर सो रहे थे। इसी दौरान ऊपर से अचानक सांप उनके माथे पर गिर पड़ा और डंस लिया। गुड्डू यादव ने साहस दिखाते हुए सांप को खुद से अलग कर फेंक दिया और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचे। यहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका करीब दो घंटे तक इलाज चला, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती रही। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर करने की तैयारी हो रही थी, तभी इलाज के क्रम में ही उनकी मौत हो गई।

इस घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार और पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है।

सदर अस्पताल और थाना प्रशासन द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद   पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद शव को अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार हेतु पैतृक गांव जन बिगहा ले जाया गया।

इस दुखद मौके पर राजद के प्रधान महासचिव परमहंस राय, एससी-एसटी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अरविंद चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि गुड्डू यादव का असमय निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। साथ ही सरकार से मांग की गई कि पीड़ित परिवार को शीघ्र ही समुचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को सहारा मिल सके।

गांव के लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Jehanabad News: 43-year-old man dies of snakebite, family in turmoil

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News