जहानाबाद जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 55 वर्षीय महिला के पेट से डॉक्टरों की टीम ने लगभग 4 किलो वजनी ट्यूमर को सफल ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला है। यह जटिल सर्जरी जिले के एक निजी अस्पताल मगध हॉस्पिटल में संपन्न हुई।
मरीज शिवानी देवी, उम्र 55 वर्ष, पिछले छह महीनों से लगातार पेट दर्द की समस्या से जूझ रही थीं। जांच के दौरान सीटी स्कैन में उनके पेट में एक बड़े आकार के ट्यूमर का पता चला।
शुरुआत में डॉक्टरों ने लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन) तकनीक से ट्यूमर को निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसके आकार के कारण ओपन सर्जरी का सहारा लेना पड़ा। ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि यह सर्जरी पूरी तरह सफल रही और मरीज की हालत अब स्थिर और संतोषजनक है।
डॉ. रंजन ने बताया कि अगर समय रहते ट्यूमर की पहचान नहीं होती, तो यह जानलेवा साबित हो सकता था। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के लंबे समय तक बने रहने वाले दर्द या असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
यह मामला एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि समय पर की गई जांच और इलाज न सिर्फ रोग को नियंत्रण में रख सकते हैं, बल्कि जान भी बचा सकते हैं।



















