दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली भाजपा में शामिल, आप से गठबंधन को लेकर पार्टी से दिया था इस्तीफा

लोकसभा चुनाव के दौरान राजधानी दिल्ली में कांग्रेस को आज एक और बड़ा झटका लगा है। पिछले दिनों से अटकलें लगाई जा रही थी कि दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली भाजपा में शामिल हो सकते हैं। शनिवार, 4 मई को राजधानी दिल्ली में अरविंदर सिंह लवली भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने आम आदमी पार्टी से गठबंधन को लेकर छह दिन पहले यानी 28 अप्रैल को दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ा था। उन्होंने तब कहा था कि पार्टी नहीं छोडूंगा।
लवली के साथ नीरज बसोया, राजकुमार चौहान, नसीब सिंह और अमित मलिक भी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा में शामिल होने के बाद लवली ने कहा, हमें भाजपा के बैनर तले और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की जनता के लिए लड़ने का मौका दिया गया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि देश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। आने वाले दिनों में भाजपा का परचम दिल्ली में भी लहराएगा। बता दें अरविंदर सिंह लवली की भाजपा में यह दूसरी पारी है। लवली 7 साल पहले 18 अप्रैल 2017 को भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए थे। हालांकि 10 महीने बाद ही वे 17 फरवरी 2018 को वापस कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 31 अगस्त 2023 को लवली को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












