
गुरुवार दोपहर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में प्रदूषित यमुना को साफ करने के लिए बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने अपने 6 एक्शन प्लान बताते हुए कहा था साल 2025 तक यमुना को साफ कर देंगे। केजरीवाल के इस बयान के बाद भाजपा ने उन पर तंज कसा। भाजपा के बाद फिर केजरीवाल के पुराने साथी रहे कुमार विश्वास के भी उन पर सोशल मीडिया पर तंज कसा। बता दें कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यमुना नदी की सफाई को लेकर ट्वीट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, मैं जो कहता हूं, वो करता हूं। जुबान का पक्का हूं।

अगले चुनाव के पहले यमुना जरूर साफ करेंगे। अरविंद केजरीवाल के इस ट्वीट का जवाब देते हुए कुमार विश्वास ने उनके साल 2015, 2019 और जनवरी 2020 के वीडियो साझा किए। इन वीडियो में सीएम अरविंद केजरीवाल साल 2025 में होने वाले चुनाव से पहले यमुना नदी के साफ होने का दावा करते नजर आए। इन वीडियो को साझा करते हुए कुमार विश्वास ने लिखा, स्क्रिप्ट वही, तारीख नई। सीएम अरविंद केजरीवाल को लेकर किया गया कुमार विश्वास का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, साथ ही यूजर भी इस पर कमेंट कर रहे हैं।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












