
दिल्ली शराब नीति केस के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया है। इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसी महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के तीन कैंडिडेट के नाम का एलान कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली महिला आयोग चीफ स्वाति मालीवाल, संजय सिंह और नारायण दास गुप्ता को टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा का कैंडिडेट बनाए जाने पर स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली महिला आयोग ने पिछले 8 वर्षों में बहुत अच्छा काम किया है। हमने 1 लाख 70 हजार शिकायतों पर काम किया है। उन्होंने कहा कि हमने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को 500 से अधिक सुझाव भेजे हैं।स्वाति मालीवाल भारत की एक चर्चित एक्टिविस्ट हैं और दिल्ली महिला आयोग की वर्तमान अध्यक्ष भी हैं। स्वाति मालीवाल बहुत कम उम्र में अपने करियर की शुरूआत करते हुए महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाती रही हैं। वो महिलाओं के खिलाफ हिंसा का डंटकर मुकाबला करने, कड़े कानूनों की वकालत करने के साथ-साथ लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए कई कैंपेन और आंदोलनों से भी जुड़ी रही हैं।



वहीं संजय सिंह शराब घोटाले में अभी जेल में बंद हैं। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें जेल से ही चुनाव लड़ने की अनुमति दे दी है। इसके बाद उन्होंने जेल से ही चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। उनका यह दूसरा कार्यकाल होगा। संजय सिंह की तरफ से अदालत में एक आवेदन दाखिल किया गया था, जिसमें कहा गया था कि उन्हें राज्यसभा के लिए ‘नामांकन फॉर्म’ पर हस्ताक्षर लेने और उसके सहायक दस्तावेजों को राज्यसभा के रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष प्रस्तुत करने की अनुमति दी जाए। इसके अलावा राज्यसभा से आवेदक के लिए ‘नो ड्यूज सर्टिफिकेट’ प्राप्त करने के संबंध में अंडरटेकिंग पर हस्ताक्षर भी मांगे गए हैं। अदालत ने जेल अधिकारियों को हस्ताक्षर लेने की अनुमति देने का निर्देश दिया है। दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए सिंह की तरफ से फिजिकल प्रोडक्शन की भी मांग की गई थी, हालांकि, कोर्ट कह रहा है कि यह जरूरी नहीं है। वहीं पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट नारायण दास गुप्ता का भी ये दूसरा टर्म होगा। बता दें कि 27 जनवरी को दिल्ली में राज्यसभा की 3 सीटें खाली होने वाली हैं। इन पर 19 जनवरी को चुनाव होना है। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया 3 जनवरी से शुरू हो गई है। राज्यसभा में आप के कुल 10 सदस्य है। बीजेपी, कांग्रेस और टीएमसी के बाद सांसदों के लिहाज से आप चौथी सबसे बड़ी पार्टी है। आप के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता का कार्यकाल इसी महीने समाप्त होने वाला है। आम आदमी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि सांसद सुशील कुमार गुप्ता ने हरियाणा की चुनावी राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय होकर काम करने की इच्छा जताई है और पार्टी उनके इस फैसले का पूरा सम्मान करती है।
यह भी पढ़े: घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत का जनजीवन किया अस्त-व्यस्त, तीन दिन कोल्ड डे की बनी रहेगी स्थित
बता दें कि संजय सिंह और एनडी गुप्ता वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं। आप ने उनके बेहतरीन कार्य को देखते हुए राज्यसभा सदस्य के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए उनके नामों को प्रस्तावित किया है।
यह भी पढ़े: गौतम अडानी मुकेश अंबानी को पछाड़कर एक बार फिर भारत के सबसे रईस और विश्व में 12वें नंबर के बिजनेसमैन बने
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












