
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस डॉ राकेश कुमार ने मंगलवार को आयोग के अधिकारियों की बैठक ली। खास बात ये है कि इस बैठक में आगामी परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णयों को शामिल करते हुए साल 2023 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया गया। डा. राकेश कुमार ने बताया कि शासन से प्राप्त विभिन्न अधियाचनों को समरूपता के आधार पर संयोजित करते हुए कुल 32 परीक्षाओं के लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है। इसके अंतर्गत शासन से प्राप्त यूकेएसएसएससी की कुल 15 परीक्षाओं को भी इसमें शामिल किया गया है।


वहीं, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा कैलेण्डर को आयोग की वेबसाइट www.psc.uk.gov.in पर भी अपलोड कर दिया गया है। आपको बता दें कि उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की महत्वपूर्ण परीक्षाओं पीसीएस परीक्षा 2023, लोवर पीसीएस परीक्षा 2023, सिविल जज जू.डि. परीक्षा 2023, आरओ, एआरओ परीक्षा 2023 एवं जेई परीक्षा 2023, वन क्षेत्राधिकारी परीक्षा 2023, एपीएस परीक्षा 2023 आदि के संदर्भ में आयोग ने कार्यवाही प्रारम्भ कर दी है। जानकारी के मुताबिक लगभग 5,700 रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इसी क्रम में डॉ कुमार ने बताया कि आरक्षण से सम्बन्धित विसंगतियों के निस्तारण के लिए प्रत्यावर्तित अधियाचनों को संशोधित किए जाने की कार्यवाही शासन स्तर से की जा रही है। इन अधियाचनों का आयोग को यथासमय प्राप्त होना अपेक्षित है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












