जहानाबाद। स्थानीय उत्तरी गांधी मैदान स्थित महर्षि विद्या पीठ में विद्यार्थियों के बीच शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन चैंपियन जिम के निदेशक बिक्रम कुमार के नेतृत्व में किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया। शतरंज की बिसात पर विद्यार्थियों की एक के बाद एक चली रणनीतिक चालों ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी एकाग्रता, तार्किक क्षमता, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। किसी प्रतिभागी ने आक्रामक रणनीति अपनाकर प्रतिद्वंद्वी को चुनौती दी, तो किसी ने धैर्य और सूझबूझ के साथ अपनी चालें चलते हुए बाजी अपने पक्ष में करने का प्रयास किया। विद्यालय के निदेशक साकेत रौशन ने कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास का प्रभावी माध्यम है। इससे विद्यार्थियों में तार्किक सोच, सही निर्णय लेने और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और बौद्धिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है।

विद्यालय की प्राचार्या सोनाली शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और धैर्य का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। मुकाबलों के दौरान शिक्षकों एवं अन्य विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा।
Jehanabad News: Children displayed their intellect on the chessboard; strategic moves made the contest thrilling.



















